एम्स भोपाल की डॉ. मोहिनी बिंदा को राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोध प्रस्तुति पुरस्कार

एम्स भोपाल की एनाटॉमी विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉ. मोहिनी बिंदा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें सोसाइटी ऑफ क्लिनिकल एनाटॉमिस्ट्स के राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोध प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

डॉ. मोहिनी बिंदा को यह सम्मान उनके महत्वपूर्ण शोध कार्य के लिए प्रदान किया गया, जो ऑस्टियोपोरोसिस से पीड़ित मरीजों में होने वाले हिप फ्रैक्चर के आनुवंशिक कारणों पर आधारित है। इस शोध में यह समझने का प्रयास किया गया है कि किन जेनेटिक कारणों से हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है।

यह शोध कार्य डॉ. प्रशांत के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। अध्ययन के निष्कर्ष भविष्य में हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की समय रहते पहचान, रोकथाम और बेहतर उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। विशेष रूप से वृद्ध लोगों और महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या अधिक देखने को मिलती है, ऐसे में यह शोध उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

एम्स भोपाल लगातार चिकित्सा अनुसंधान और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। संस्थान के विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के शोध कार्य न केवल चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देते हैं, बल्कि समाज के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *