नेपाल में तनाव को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक

नेपाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सीमावर्ती जिलों चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री आवास से आयोजित हुई।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नेपाल से सटी सीमाओं पर गहन चेकिंग अभियान चलाया जाए और किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही जिला प्रशासन को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और SSB के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सीमावर्ती इलाकों में स्थानीय ग्राम समितियों, ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग के सहयोग से निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती मार्गों पर नियमित मॉनिटरिंग और सीमा पार आने-जाने पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन हो और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किए जाएं।

इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं मंडलायुक्त, कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी-पुलिस अधीक्षक सहित SSB के अधिकारी भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *