रांची: नामकुम में हथियार और चोरी की दो बाइकों के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार, वारदात की फिराक में थे आरोपी
रांची: राजधानी रांची की नामकुम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि नामकुम थाना क्षेत्र स्थित हाईटेंशन ग्राउंड के पास एक खंडहर भवन में कुछ हथियारबंद अपराधी इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर तत्काल छापेमारी की और मौके से दो संदिग्धों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन तथा तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा, पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। पुलिसिया जांच में पुष्टि हुई है कि जब्त दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं, जिनका इस्तेमाल अपराधी शहर में छिनतई (स्नैचिंग) और लूट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए करते थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


