लाहौल-स्पीति में बड़ा हादसा: पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में आई गाड़ी, मासूम समेत 13 की दर्दनाक मौत
शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में एक भीषण सड़क हादसे में छह माह की मासूम बच्ची सहित 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 12:45 बजे उदयपुर-पांगी मार्ग पर महाल डीपीएफ के पास घटी। तिंदी से पांगी की ओर जा रही एक टाटा सुमो अचानक पहाड़ी से गिरी विशालकाय चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गई।
इस भीषण हादसे में वाहन पूरी तरह मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सात पुरुष, चार महिलाएं और छह माह की बच्ची समेत दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीआरओ और प्रशासन का राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम भारी मशीनरियों के साथ मौके पर पहुंची। बीआरओ ने मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों और शवों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रियाओं के बाद 12 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है।
स्थानीय विधायक अनुराधा राणा और पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।



