NTA का संस्थागत पुनर्गठन: महाप्रबंधक पदों के लिए निकाला विज्ञापन, 16 युवा पेशेवरों की भर्ती शुरू
रायपुर: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अपने ढांचे को मजबूत करने और संस्थागत सुधारों की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने महाप्रबंधक स्तर के चार वरिष्ठ पेशेवर पदों के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है। इसके साथ ही, संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
एनटीए के अनुसार, यह कदम प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर उठाया जा रहा है। संविदा के आधार पर तीन वर्षों की अवधि के लिए महाप्रबंधक के चार प्रमुख पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी:
- मूल्यांकन, अनुसंधान एवं विकास तथा साइकोमेट्रिक्स महाप्रबंधक: यह एनटीए के शैक्षणिक और मापन-विज्ञान (psychometrics) संबंधी कार्यों का नेतृत्व करेंगे।
- परीक्षण केंद्र नेटवर्क एवं संचालन महाप्रबंधक: ये देश-विदेश के 500 से अधिक शहरों में फैले परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता, मानक और क्षमता नियोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
- सूचना सुरक्षा महाप्रबंधक (CISO): यह अधिकारी एजेंसी की साइबर सुरक्षा प्रणाली की कमान संभालेंगे।
- सतर्कता, जांच और फोरेंसिक महाप्रबंधक: ये एनटीए के आंतरिक सतर्कता, जांच और डिजिटल फोरेंसिक विभाग का नेतृत्व करेंगे।
एजेंसी ने स्पष्ट किया कि इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर युवा पेशेवरों को जोड़ा जा रहा है। आने वाले हफ्तों में विशेषज्ञ समिति द्वारा अनुशंसित 10 अन्य कार्यात्मक क्षेत्रों में भी भर्तियों और विशेषज्ञों को पैनलबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



