ऊना में प्रवासी श्रमिकों की झोपड़ियों में भीषण आग, दर्जनों आशियाने जलकर राख

ऊना, 27 जून : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय स्थित पुराना होशियारपुर मार्ग पर शनिवार सुबह करीब छह बजे प्रवासी श्रमिकों की झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। सुबह चल रही हल्की हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते कई झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीन दमकल वाहनों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले यहां आए एक प्रवासी परिवार की महिला झोपड़ियों के बीच भोजन बना रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों रेनू और छोटेलाल ने बताया कि महिला पहले भी संवेदनशील स्थान पर बिना पर्याप्त सुरक्षा के चूल्हा जलाती रही थी। उसे कई बार सावधानी बरतने की सलाह दी गई थी, लेकिन शनिवार सुबह भोजन बनाते समय अचानक आग भड़क गई और आसपास की झोपड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं।

आग लगते ही लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों और सामान को बचाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि अधिकांश झोपड़ियां तथा उनमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद कई प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। उनके सामने रहने, भोजन और दैनिक आवश्यकताओं की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गया और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *