जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई कर ट्रेन में चोरी गए सामान को मात्र दो घंटे में किया बरामद
मध्यप्रदेश पुलिस की संवेदनशील, तकनीक आधारित और त्वरित कार्रवाई का एक उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। जीआरपी थाना जबलपुर ने अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान चोरी हुए 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण एवं अन्य सामान को घटना के महज दो घंटे के भीतर बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि 22 जून को नर्मदापुरम जिले के इटारसी निवासी नीलेश मालपानी ने जीआरपी थाना जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, ट्रेन क्रमांक 12853 अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान उनकी पत्नी के पर्स से सोने के आभूषण, एप्पल एयरपॉड, नकदी तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 47 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत दर्ज होते ही जीआरपी थाना जबलपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल राजा बाबू सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान चोरी हुए एप्पल एयरपॉड की लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला।
प्राप्त तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर इलाके में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने का हार, अंगूठियां, कान के टॉप्स, ब्रेसलेट, एप्पल एयरपॉड, नकदी, आधार कार्ड तथा अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख 47 हजार रुपये आंकी गई है।
रेल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग और त्वरित समन्वय के चलते मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए तकनीक आधारित जांच को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश पुलिस ने दोहराया है कि वह नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और आधुनिक तकनीक तथा प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाती रहेगी।



