व्हाट्सएप पर 5.30 करोड़ की ठगी, 17 साइबर ठगों को दबोचा
राजस्थान पुलिस की साइबर शाखा ने व्हाट्सएप के माध्यम से 5 करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 17 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक कंपनी के मालिक की फोटो का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने यह कार्रवाई कोटा, पाली, जोधपुर, बांसवाड़ा और अन्य जिलों में छापेमारी कर की। साइबर अपराध पुलिस मुख्यालय के उप महानिरीक्षक शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने बैंक खातों की तकनीकी जांच कर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को कई बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया और बाद में नकद निकासी, यूएसडीटी तथा हवाला के माध्यम से धन को ठिकाने लगाया गया।
पुलिस ने इस मामले में कोटा, बांसवाड़ा, जोधपुर, पाली और बाड़मेर के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
साइबर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल पर बिना पुष्टि किए पैसे का लेन-देन न करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।


