सरगुजा में दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का शुभारंभ, संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर दिया गया जोर

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ में आज से दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का शुभारंभ हो गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, कलाकार और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

महोत्सव के उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक प्रस्तुत की। रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ केवल सरगुजा की ही नहीं, बल्कि पूरे देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मंत्री ने बताया कि महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समापन अवसर पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

रामगढ़ महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी विशेषताओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। दो दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और पर्यटन स्थलों को व्यापक मंच प्रदान किया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि महोत्सव से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *