शारदीय नवरात्रि 2026: पहले दिन धर्मनगरी कटरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, देश-विदेश के फूलों से सजा मां वैष्णो देवी का भवन

कटरा: पावन शारदीय नवरात्रि के पहले दिन धर्मनगरी कटरा में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए कटरा पहुंच रहे हैं। पूरे यात्रा मार्ग और भवन परिसर में माता के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है।

नवरात्रि के पावन उपलक्ष्य में माता के मुख्य भवन और दरबार को देश-विदेश से मंगवाए गए विशेष प्राकृतिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। इसके साथ ही पूरे यात्रा मार्ग और परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों व रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र जगमगा उठा है।

कड़े सुरक्षा प्रबंध और RFID कार्ड अनिवार्य: श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) और स्थानीय प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। कटरा से लेकर मुख्य भवन तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं और सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के माध्यम से लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भीड़ को नियंत्रित और यात्रा को व्यवस्थित रखने के लिए प्रत्येक श्रद्धालु के लिए RFID यात्रा कार्ड को अनिवार्य किया गया है।

मुफ्त लंगर और अन्य सुविधाएं: श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु ताराकोटे मार्ग, सांझीछत और भैरों घाटी में चौबीसों घंटे चलने वाले मुफ्त लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है। श्राइन बोर्ड द्वारा संपूर्ण यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, आवास, खान-पान और चिकित्सा सहायता की पुख्ता व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *