मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस गश्ती वाहन और होंडा सिटी में भीषण टक्कर, कार में आग लगने से दिल्ली के युवक की मौत, 3 घायल
मथुरा/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। नौहझील थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 107 के समीप गश्त कर रही पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी और तेज रफ्तार होंडा सिटी कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि होंडा सिटी कार में देखते ही देखते भीषण आग लग गई और वह आग की लपटों से घिर गई।
इस दर्दनाक हादसे में होंडा सिटी कार सवार दिल्ली के राजौरी गार्डन निवासी राघव की जान चली गई, जबकि कार में उनके साथ मौजूद उनकी बहन प्रतिभा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, हादसे की चपेट में आने से पुलिस गश्ती वाहन में सवार पुलिसकर्मी अनिल और चालक प्रताप सिंह भी चोटिल हो गए।
एक्सप्रेसवे पर मची अफरा-तफरी: टक्कर के तुरंत बाद कार में लगी आग के कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया और सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सीओ मांट अमरनाथ यादव ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


