मथुरा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 64 फर्जी आधार कार्ड और 9 फर्जी सिम बरामद

लखनऊ, 9 जुलाई: मथुरा पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े और संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में थाना कोसीकलां, बरसाना, शेरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के कई शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों के कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज और उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें 64 फर्जी आधार कार्ड, 9 फर्जी सिम कार्ड, 9 मोबाइल फोन और ठगी के जरिए जुटाई गई मोटी नकदी शामिल है।

इस तरह देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के काम करने का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी सबसे पहले फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करके विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के सिम कार्ड हासिल करते थे। अपनी पहचान छुपाने के लिए वे लगातार अपने मोबाइल नंबर बदलते रहते थे। इसके बाद, ये अपराधी भोले-भाले लोगों को फोन कॉल, फर्जी इंटरनेट लिंक और ओटीपी (OTP) के जाल में फंसाकर उनके बैंक खातों से पल भर में गाढ़ी कमाई साफ कर देते थे।

संपत्तियां होंगी कुर्क, गांवों में बनेगा रिकॉर्ड

पकड़े गए साइबर ठगों ने धोखाधड़ी की इस रकम से भारी संपत्ति खड़ी कर ली थी। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने ठगी के पैसों से आलीशान मकान, कीमती जमीनें और महंगी गाड़ियां खरीदी हैं। पुलिस प्रशासन अब इन सभी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें जब्त करने की विधिक तैयारी कर रहा है।

इसके साथ ही, पुलिस ने प्रभावित गांवों के युवाओं का एक विशेष रिकॉर्ड तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत उनकी आर्थिक गतिविधियों, अचानक बढ़ी संपत्ति और आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी पूरी कड़ाई से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *