नेपाल में दर्दनाक हादसा: तीर्थयात्रियों की बस खाई में गिरी, 2 की मौत, कई घायल

लखनऊ, 24 अप्रैल: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से नेपाल जा रहे तीर्थयात्रियों की एक मिनी बस नेपाल के प्यूठान जिले में हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस लगभग 85 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे मौके पर ही एक 30 वर्षीय महिला और 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि करीब 18 लोग घायल हो गए। इनमें से सात घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए लुंबिनी सिटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

महराजगंज जिला प्रशासन ने भी सक्रियता दिखाते हुए एसडीएम के नेतृत्व में एंबुलेंस और मेडिकल टीम को नेपाल भेजा है, ताकि घायलों को हर संभव सहायता मिल सके। इसके अलावा, मामले में भारतीय दूतावास के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और पीड़ितों को हरसंभव मदद पहुंचाने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *