‘द बंगाल फाइल्स’ ट्रेलर लॉन्च पर कोलकाता में हंगामा, पल्लवी जोशी ने सरकार पर उठाए सवाल
कोलकाता में फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने ट्रेलर लॉन्च की अनुमति नहीं दी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए पश्चिम बंगाल सरकार से सवाल किया कि आखिर राज्य में अभिव्यक्ति की आज़ादी कहाँ है?
पल्लवी जोशी ने कहा, “सरकार को इस फिल्म से किस बात का डर है? ऐसा तो कश्मीर में भी नहीं हुआ। आज बंगाल की हालत क्यों ऐसी है कि फिल्म निर्माता अपनी बनाई फिल्म भी प्रदर्शित नहीं कर पा रहे? ‘द बंगाल फाइल्स’ इसलिए जरूरी है ताकि भारत का हर नागरिक बंगाल की सच्चाई जान सके।” उन्होंने जोर देकर कहा कि कलाकारों और रचनात्मक कार्यों को सम्मान देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
वहीं फिल्म के डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वे हाल ही में अमेरिका से लौटे और कोलकाता में 16 अगस्त को ट्रेलर लॉन्च करने की योजना बनाई थी। यह तारीख उन्होंने ‘डायरेक्ट एक्शन डे’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखकर चुनी थी। शुरुआत में उन्होंने एक बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन के साथ कार्यक्रम तय किया, लेकिन आखिरी वक्त पर उसे रद्द कर दिया गया।
अग्निहोत्री ने कहा, “इसके बाद हमने दूसरी सिनेमा चेन से संपर्क किया, पर उन्होंने भी मना कर दिया। फिर हमने सोचा कि बैंक्वेट हॉल में ट्रेलर रिलीज करेंगे, लेकिन वहां भी बाधा खड़ी कर दी गई। यह बहुत दुखद है कि जिस राज्य की सच्चाई पर आधारित फिल्म बनाई गई है, वहीं उसे रोका जा रहा है। आखिर डर किस बात का है?”
निर्माताओं और कलाकारों का मानना है कि इस तरह की रोक न केवल सिनेमा जगत के लिए चुनौती है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए भी चिंता का विषय है।


