खूंटी पुलिस की बड़ी कामयाबी: कई कांडों में वांछित PLFI का हार्डकोर उग्रवादी राजेंद्र साहू गिरफ्तार

खूंटी, 12 जुलाई: झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत खूंटी जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के हार्डकोर और कुख्यात उग्रवादी राजेंद्र साहू उर्फ राजेंद्र साव उर्फ ‘मास्टर’ (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार उग्रवादी के पास से पुलिस ने एक अवैध देशी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि कई महीनों से फरार चल रहा कुख्यात उग्रवादी राजेंद्र साहू अपने पैतृक गांव में आया हुआ है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुरहू थाना क्षेत्र के गम्हरिया इलाके में घेराबंदी कर उग्रवादी राजेंद्र साहू को धर दबोचा।

संगठन को दोबारा खड़ा करने की थी साजिश

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन PLFI के कमजोर होने के बाद राजेंद्र साहू उर्फ मास्टर इसे क्षेत्र में फिर से खड़ा करने की कोशिशों में जुटा था। वह लगातार लेवी (रंगदारी) वसूलने और ठेकेदारों को डराने के लिए उग्रवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इससे पहले पुलिस इसके दस्ते के दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।

तोरपा गैस गोदाम और कर्रा साइडिंग फायरिंग में था तलाश

राजेंद्र साहू खूंटी जिले के विभिन्न थानों के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। आर्म्स एक्ट और 17 सीएलए (CLA) एक्ट के तहत तोरपा, कर्रा, खूंटी और मुरहू थानों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में तोरपा गैस गोदाम और कर्रा रेलवे साइडिंग पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग की घटनाओं में भी पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली विशेष टीम में एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के साथ तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार और तोरपा थाने का सशस्त्र बल शामिल था। पुलिस अब राजेंद्र से पूछताछ कर संगठन के अन्य सहयोगियों और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *