अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी संदेश
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राज्य की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने दो दिवसीय बिहार प्रवास के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की। इस दौरान चुनावी समीकरण और रणनीति पर गहन चर्चा हुई।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की कि बिहार के शाहाबाद-मगध क्षेत्र की 48 विधानसभा सीटों और मुंगेर-पटना क्षेत्र की 43 सीटों से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठकें की गईं। इन बैठकों में आगामी चुनावों में एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।
रोहतास और बेगूसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि एनडीए गठबंधन आगामी चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत ही इस जीत की कुंजी होगी।
अपने भाषण में गृहमंत्री ने विपक्षी इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि बिहार में इंडी गठबंधन सत्ता में आया तो राज्य में घुसपैठ की समस्या बढ़ेगी, जबकि एनडीए सरकार बनने पर विकास की रफ्तार तेज होगी।
इसके साथ ही शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि एनडीए की भारी विजय के बाद “राहुल बाबा कहीं और जाकर ‘घुसपैठिया बचाओ रैली’ करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।”









