संतकबीरनगर में मदरसे पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, विदेशी फंडिंग और अवैध निर्माण के आरोपों के बीच चला बुलडोजर
संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद क्षेत्र में विदेशी फंडिंग और कथित टेरर कनेक्शन के आरोपों के बीच मौलाना शमशुल होदा के मदरसे पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई मोती नगर मोहल्ले में स्थित उस मदरसे पर की गई, जिस पर बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने का भी आरोप है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कमिश्नर कोर्ट के आदेश के बाद की गई। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से अलर्ट मोड पर रखा गया। करीब पांच मशीनों की मदद से मदरसे के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
बताया जा रहा है कि मौलाना शमशुल होदा, जो मूल रूप से दुधारा थाना क्षेत्र के देवरिया लाल गांव का निवासी है, पहले आजमगढ़ के एक मदरसे में शिक्षक रह चुका है और वर्ष 2007 में उसने ब्रिटिश नागरिकता प्राप्त की थी। उसके खिलाफ विदेशी फंडिंग से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए थे, जिनकी जांच ATS द्वारा की गई थी। इसके अलावा मामले में कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय की जांच में भी करोड़ों रुपये की विदेशी फंडिंग से जुड़े लेन-देन के संकेत मिले हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून के दायरे में रहते हुए अवैध गतिविधियों और निर्माण पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


