विश्व रेडक्रॉस दिवस पर राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित करने के राज्यपाल के निर्देश
देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ में भी आगामी 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया जाएगा। इस संबंध में आज लोकभवन में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष टोमन साहू ने राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने निर्देश दिए कि राज्य और जिला स्तर पर विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस दिवस के महत्व से अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे मानव सेवा के कार्यों का प्रचार-प्रसार जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
राज्यपाल ने रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यता अभियान को तेज करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों के नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को बढ़ावा मिलता है, इसलिए इस तरह के आयोजनों के जरिए लोगों को जोड़ना बेहद जरूरी है।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने पर सहमति बनी।


