विनय कुमार का बयान – कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली तो निभाऊंगा, जरूरत पड़ी तो इस्तीफा भी दूंगा
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने आए हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का पद सौंपता है, तो वे पूरी निष्ठा के साथ इसे निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं इस पद के दावेदार नहीं हैं, लेकिन यदि मुख्यमंत्री की इच्छा होगी, तो वे इस निर्णय का सम्मान करेंगे।
विनय कुमार ने कहा कि पार्टी में ‘वन मैन, वन पोस्ट’ की परंपरा रही है। ऐसे में अगर इस सिद्धांत के तहत उनसे सरकार का पद छोड़ने को कहा जाता है, तो वे इसके लिए भी तैयार हैं।
आगामी विधानसभा सत्र को लेकर उन्होंने बताया कि विधायकों द्वारा पूछे गए सभी सवालों के जवाब सरकार ने तैयार कर लिए हैं। उन्होंने विपक्ष की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गंभीर और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विपक्ष आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श चाहता है, तो कांग्रेस इसमें सकारात्मक रूप से भाग लेगी।


