यूपी में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में यात्रा होगी नि:शुल्क, अनुपूरक बजट में 100 करोड़ का प्रावधान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश की वरिष्ठ महिला नागरिकों के सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक और बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह कदम भारतीय जनता पार्टी के ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ में किए गए वादे को पूरा करता है। इस निर्णय से प्रदेश की लाखों वरिष्ठ महिलाओं को स्वास्थ्य, धार्मिक और पारिवारिक यात्राओं के लिए बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
इसके साथ ही, राज्य सरकार ने महिला कल्याण विभाग के लिए अनुपूरक बजट में 1,094.40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि आवंटित की है। इसमें से सर्वाधिक 930 करोड़ रुपये ‘निराश्रित महिला पेंशन योजना’ के लिए रखे गए हैं, जिससे पति की मृत्यु के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रही महिलाओं को नियमित सामाजिक सुरक्षा और संबल मिलता रहे।
बजट में बच्चों और पीड़ित महिलाओं के संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है:
- मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना: अनाथ और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा व भरण-पोषण के लिए 110 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
- रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष: पीड़ित महिलाओं और बच्चों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के लिए 54.30 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
- मुख्यमंत्री शक्ति समृद्धि योजना: महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए सरकार के ये निर्णय समावेशी विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे।



