महक की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर, June 13: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज रायपुर में राजनांदगांव की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे टीमों का उपकप्तान नियुक्त किए जाने पर महक को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महक नरवासे की यह उपलब्धि केवल राजनांदगांव जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि महक अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना के बल पर भारतीय टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की सफलता राज्य के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि लगन, मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
महक नरवासे ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि वह टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का गौरव बढ़ाने का प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना सकें।


