भोपाल में आरटीई अंतर्गत नियुक्त नोडल अधिकारियों का उन्मुखीकरण संपन्न
भोपाल जनपद शिक्षा केंद्र फंदा (पुराना शहर) में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अंतर्गत अशासकीय विद्यालयों की फीस प्रतिपूर्ति सत्र 2024-25 की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपादित कराने के लिए जिला शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा नियुक्त 100 नोडल अधिकारियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हमीदिया गिन्नौरी, भोपाल में संपन्न हुआ।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम में नोडल अधिकारियों को फीस प्रतिपूर्ति से संबंधित ऑनलाइन प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन जन शिक्षक अंतिमा सिंह, प्रकाश रघुवंशी तथा बीएसी संतोष कुमार सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने अधिकारियों को ऑनलाइन सत्यापन, दस्तावेजों के परीक्षण एवं फीस प्रतिपूर्ति प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीआरसीसी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फीस प्रतिपूर्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अशासकीय विद्यालयों से भी आग्रह किया कि वे फीस प्रतिपूर्ति के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज सुव्यवस्थित रूप से तैयार रखें, ताकि नोडल अधिकारियों को अवलोकन एवं सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय में पूर्ण की जा सके।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य सरला कश्यप सहित पुराना शहर भोपाल के समस्त जनशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर चर्चा की तथा प्रशिक्षण से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।



