प्रदेशभर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, कल से घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
प्रदेशभर में आज से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान के पहले दिन सभी जनपदों में स्थापित पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 29 जून से 3 जुलाई तक विशेष दल घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाएंगे, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके।
अमरोहा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाकांत सागर ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा चिकित्सा महाविद्यालय में भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में पांच लाख 68 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर दवा पिलाने वाली टीमों की भी तैनाती की गई है।
हापुड़, कौशाम्बी, महोबा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में अभियान संचालित किया गया। पोलियो बूथों पर बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे और उन्हें पोलियो की खुराक दिलाई।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि पोलियो जैसी बीमारी से स्थायी सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें और किसी भी पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने दें।



