नरकटियागंज अस्पताल में नवजात की मौत पर परिजनों का बवाल, स्टाफ पर घूसखोरी का आरोप

नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण): बिहार के नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में एक नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। आक्रोशित परिवार वालों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और स्वास्थ्यकर्मियों पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाते हुए परिसर में करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया

क्या है पूरा मामला? शिकारपुर थाना क्षेत्र के खिरिया मठिया की रहने वाली सीमा देवी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत हो गई, जिससे भड़के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के पिता प्रहलाद साह का आरोप है कि अस्पताल में तैनात जीएनएम नर्सों—अर्चना, खुशबू और संगीता—ने नाल काटने के बदले ₹1000 की मांग की थी, जिसमें से उन्होंने ₹500 दे भी दिए थे। परिजनों का कहना है कि पैसे के चक्कर में सही समय पर इलाज न मिलने के कारण बच्चे की जान चली गई। इसके अलावा, ड्यूटी से डॉक्टरों के गायब रहने की बात भी सामने आई है

प्रशासन की कार्रवाई: अस्पताल में बढ़ते बवाल को देखते हुए डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधक विपिन राज ने पीड़ित परिवार से बात की और उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पीड़ित परिवार न्याय और दोषियों को सजा दिलाने की मांग पर अड़ा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *