देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड में विभिन्न श्रेणियों के 15 पदों पर भर्ती, 18 जून को होगा कैंपस इंटरव्यू

बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), 9 जून। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है। जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने बताया कि देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा विभिन्न श्रेणियों के कुल 15 पद अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों के लिए 18 जून को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।

जारी जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के तहत टीम मेम्बर, हाउसकीपर, सिक्योरिटी गार्ड, साउथ इंडियन शेफ, शेफ इंडियन कोमी-1, कोमी-2, कोमी-3 तथा किचन हेल्पर के पदों को भरा जाएगा। साक्षात्कार का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए ऐसे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो ग्राहक सेवा में दक्ष हों और संबंधित कार्यों के प्रति समर्पित हों। अभ्यर्थी की आयु 25 वर्ष से कम होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।

चयनित उम्मीदवारों को अधिकतम 11,700 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा भविष्य निधि (पीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के गांव कोठी स्थित कंपनी परिसर में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिन युवाओं का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं है, वे ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *