छत्तीसगढ़ नीट-यूजी काउंसलिंग 2026 के लिए आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी: दस्तावेज सत्यापन के बाद ही मान्य होगा प्रवेश, फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य काउंसलिंग समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की राज्य स्तरीय काउंसलिंग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशों के अनुसार, समिति ने स्थानीय छात्रों के हितों की रक्षा और पूरी प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े मानक तय किए हैं। समिति ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय छात्र हितों के साथ किसी भी स्तर पर अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राज्य काउंसलिंग समिति के अनुसार, मेरिट सूची में नाम दर्ज होने या किसी संस्थान में सीट आवंटित हो जाने मात्र से अभ्यर्थी का प्रवेश अंतिम नहीं माना जाएगा। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी काउंसलिंग, राज्य स्तरीय मेरिट निर्धारण और सीट आवंटन की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से ही संपन्न की जा रही है। सीट आवंटन के उपरांत अभ्यर्थी को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं आवश्यक दस्तावेज भौतिक रूप से सत्यापन हेतु प्रस्तुत करने होंगे। सत्यापन में पूर्णतः पात्र पाए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया को औपचारिक रूप से पूर्ण माना जाएगा।
काउंसलिंग से जुड़े प्रमुख दिशा-निर्देश एवं चेतावनी:
- दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य: केवल सीट आवंटन से प्रवेश पक्का नहीं होगा; सभी मूल प्रमाण पत्रों के सफल सत्यापन के बाद ही प्रवेश की पुष्टि होगी।
- फर्जी जानकारी पर प्रवेश निरस्त: यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन या काउंसलिंग के दौरान कोई असत्य, भ्रामक या फर्जी दस्तावेज/जानकारी दी जाती है, तो उसका प्रवेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा।
- अफवाहों से बचाव की अपील: समिति ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट अफवाहों, भ्रामक संदेशों अथवा अनाधिकृत स्रोतों पर विश्वास न करें।
- शिकायत निवारण प्रणाली: किसी भी समस्या, शंका या विसंगति के समाधान के लिए अभ्यर्थी अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल पर Candidate Login में उपलब्ध “Candidates Grievances and Query Redressal System” के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त आधिकारिक ई-मेल
cgdme.counseling@gmail.comपर भी संपर्क किया जा सकता है।



