कटिहार में वेल्डिंग दुकान की आड़ में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

कटिहार (बिहार): बिहार की कटिहार पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरारी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह अवैध कारोबार वेल्डिंग की दुकान की आड़ में चलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए अवैध हथियारों का जखीरा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं, साथ ही एक मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

कटिहार-2 के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बरारी पुलिस, एसटीएफ (STF) और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सुजापुर चौक के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश कर रहे आरोपी मोहम्मद रेजाउल अंसारी (निवासी कजरा) को पुलिस ने खदेड़ कर दबोच लिया।

जमीन के अंदर मिट्टी में छिपाए गए थे हथियार

दुकान के कमरे की तलाशी के दौरान जब शक होने पर मिट्टी की खुदाई की गई, तो ज़मीन के नीचे दबे दो बोरों से हथियार बरामद हुए। पुलिस ने मौके से:

  • एक देसी दोनाली राइफल
  • चार देसी कट्टे और एक अर्धनिर्मित कट्टा
  • लेथ मशीन, बैरल, ट्रिगर, हैमर और हथियार बनाने के अन्य फर्में व उपकरण जब्त किए।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह लेथ मशीन के जरिए अवैध हथियार तैयार कर उन्हें दियारा क्षेत्र में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं और अब तक किन-किन अपराधियों को ये हथियार बेचे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *