अमित शाह करेंगे NAFED के ई-ऑक्शन पोर्टल ‘NAFEX.in’ का शुभारंभ, किसानों के लिए कई डिजिटल पहलें भी होंगी लॉन्च

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 23 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) के ई-ऑक्शन पोर्टल ‘NAFEX.in’ का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर NAFED के अध्यक्ष जेठाभाई अहीर, प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह NAFED की कई महत्वपूर्ण डिजिटल और किसान कल्याणकारी पहलों की शुरुआत करेंगे।

इन पहलों में किसानों के बच्चों के लिए NAFED-कल्याण छात्रवृत्ति योजना, दालों और तिलहनों के भंडारण प्रबंधन के लिए DRISHTI पोर्टल, संस्थागत संसाधन प्रबंधन को सशक्त बनाने हेतु ERP पोर्टल तथा NAFEX.in ऑक्शन पोर्टल शामिल हैं। कार्यक्रम में पोर्टल पर लाइव पंजीकरण प्रदर्शन और नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत भी की जाएगी।

NAFEX.in पोर्टल का उद्देश्य नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता बढ़ाना है। यह डिजिटल मंच नीलामी से जुड़ी गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ किसानों, सदस्य संस्थाओं और अन्य हितधारकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री किसानों के बच्चों को NAFED-कल्याण छात्रवृत्ति के चेक भी वितरित करेंगे। यह पहल किसानों के परिवारों की शिक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

शुभारंभ कार्यक्रम के बाद अमित शाह NAFED के निदेशक मंडल के सदस्यों के साथ बैठक भी करेंगे। बैठक में NAFED अपनी गतिविधियों, प्रगति रिपोर्ट, पूर्व निर्देशों पर की गई कार्रवाई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर प्रस्तुति देगा।

NAFED देश में किसानों के हितों की रक्षा, कृषि विपणन, खरीद व्यवस्था और सहकारी कृषि व्यापार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई डिजिटल और कल्याणकारी पहलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *