अजमेर मंडल रेल अस्पताल ने रचा इतिहास: एक माह में 373 सर्जरी कर भारतीय रेलवे में हासिल किया पहला स्थान

अजमेर: उत्तर पश्चिम रेलवे के अंतर्गत आने वाले अजमेर मंडल रेलवे अस्पताल ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अस्पताल ने बीते एक माह में रिकॉर्ड 373 सफल सर्जरी कर भारतीय रेलवे के सभी मंडल स्तरीय अस्पतालों में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, पूरे भारतीय रेलवे नेटवर्क के किसी भी मंडल अस्पताल द्वारा एक महीने की अवधि में की गई यह अब तक की सर्वाधिक सर्जिकल प्रक्रियाओं की संख्या है

किए गए 373 ऑपरेशनों में 116 मेजर सर्जरी, 3 स्पेशल मेजर सर्जरी और 180 माइनर सर्जरी शामिल हैं

अस्पताल की प्रमुख विशेषताएं एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं:

  • विशाल नेटवर्क व इतिहास: वर्ष 1890 में स्थापित यह ऐतिहासिक अस्पताल वर्तमान में 166 बिस्तरों की क्षमता वाला एक उन्नत मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल बन चुका है।
  • व्यापक लाभार्थी आधार: यह अस्पताल अजमेर मंडल के 1.20 लाख से अधिक सेवारत व सेवानिवृत्त रेल लाभार्थियों और उनके परिजनों को निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।
  • ओपीडी क्षमता: अस्पताल की बाह्य रोगी विभाग (OPD) में प्रतिदिन औसतन 1,000 से 1,500 मरीज चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंचते हैं।
  • सुपर स्पेशलिटी सेवाएं: अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, यूरोलॉजी, नेत्र रोग और स्त्री रोग विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां घुटना व जोड़ प्रत्यारोपण, आर्थ्रोस्कोपिक व मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरी, लेजर स्टोन रिमूवल तथा आधुनिक फेको मोतियाबिंद उपचार जैसी जटिल प्रक्रियाएं नियमित रूप से की जा रही हैं।
  • शैक्षणिक गतिविधि: अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स और जनरल सर्जरी संवर्ग में राष्ट्रीय स्तर का डीएनबी (DNB) प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित हो रहा है।

उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और कुशल सर्जनों की उपलब्धता के चलते अब रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों को गंभीर उपचार के लिए अन्य बड़े महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *