संस्कृति मंत्रालय ने संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा की
नई दिल्ली, 11 जून। संस्कृति मंत्रालय ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप, अकादमी रत्न, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। भारतीय संगीत, नृत्य, रंगमंच और लोक कलाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह घोषणा की गई है।
संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद द्वारा संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक एवं जनजातीय कलाओं तथा कठपुतली कला सहित विभिन्न विधाओं से जुड़े कुल 108 कलाकारों का चयन संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार के लिए किया गया है। वहीं, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले 106 युवा कलाकारों को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए चुना गया है।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के तहत चयनित कलाकारों को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि, ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाएगा। वहीं, अकादमी रत्न से सम्मानित कलाकारों को तीन लाख रुपये की सम्मान राशि, ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम दिया जाएगा। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त करने वाले कलाकारों को एक लाख रुपये, ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाएगा।
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और अकादमी पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा आयोजित विशेष अलंकरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे। जबकि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार अकादमी के अध्यक्ष की उपस्थिति में आयोजित विशेष समारोह में वितरित किए जाएंगे।
इन पुरस्कारों के माध्यम से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, पारंपरिक एवं समकालीन कला रूपों को प्रोत्साहन देने तथा युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान करने का प्रयास किया जाता है। कला जगत में इन सम्मानों को अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है और इन्हें कलाकारों के उत्कृष्ट योगदान की राष्ट्रीय मान्यता के रूप में देखा जाता है।


