वैश्विक कौशल चुनौती ऑस्ट्रेलिया 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन, तीन स्वर्ण सहित पांच पदक जीते
भारत ने वैश्विक कौशल चुनौती ऑस्ट्रेलिया 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं। 23 से 29 जून 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, चीन, अमेरिका, जापान, फ्रांस, कोरिया सहित विश्व कौशल संगठन के 16 सदस्य देशों के लगभग 600 प्रतियोगियों, विशेषज्ञों, अनुवादकों और अधिकारियों ने भाग लिया। भारत का यह प्रदर्शन इस वर्ष के अंत में शंघाई में आयोजित होने वाली 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता के लिए उसकी मजबूत तैयारियों का संकेत माना जा रहा है।
भारतीय प्रतिभागियों ने विभिन्न कौशल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कर्नाटक के पवन भद्रावती सुरेश ने योज्य विनिर्माण, बिहार के मौसम कुमार गिरि ने मेघ संगणना तथा दिल्ली की विष्णुप्रिया सुनील ने स्वास्थ्य एवं सामाजिक देखभाल श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र के हर्ष रमेश पवार ने त्रि-आयामी डिजिटल खेल कला में रजत पदक हासिल किया, जबकि हरियाणा की मुस्कान ने चित्रांकन एवं साज-सज्जा प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारतीय प्रतिभागियों ने अन्य कई प्रतियोगिताओं में भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी तकनीकी दक्षता और कौशल का परिचय दिया। इस सफलता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती क्षमता और कौशल विकास के क्षेत्र में हो रही प्रगति को रेखांकित किया है।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगियों ने पदक जीतने के साथ-साथ वैश्विक मानकों और प्रतियोगिता प्रणाली का महत्वपूर्ण अनुभव भी प्राप्त किया है, जो शंघाई में होने वाली विश्व कौशल प्रतियोगिता में भारत के बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।



