वैश्विक ऑनलाइन योग कार्यक्रम में बनेगा विश्व रिकॉर्ड का लक्ष्य, 14 जून को YouTube Live से जुड़ेंगे 130 से अधिक देशों के प्रतिभागी
नई दिल्ली, 14 जून : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय 14 जून को एक ऐतिहासिक वैश्विक ऑनलाइन योग कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य YouTube Live पर सबसे अधिक दर्शकों वाले योग सत्र का नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है।
आयुष मंत्रालय, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) और हैबिल्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दुनिया के 130 से अधिक देशों के योग साधकों और स्वास्थ्य प्रेमियों के भाग लेने की संभावना है। यह आयोजन अब तक के सबसे बड़े डिजिटल योग सम्मेलनों में से एक माना जा रहा है।
केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव भी मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस पहल में भाग लेंगे। यह ऑनलाइन योग सत्र सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे (भारतीय समयानुसार) आयोजित किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य योग की वैश्विक स्वीकार्यता को प्रदर्शित करना तथा समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के लिए योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने का संदेश देना है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से योग को विश्वभर के लोगों तक पहुंचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर या निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को उनके व्हाट्सएप नंबर पर डिजिटल सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय ने नागरिकों, योग संस्थानों, शैक्षणिक संगठनों, सामुदायिक समूहों और दुनिया भर में बसे भारतीयों से इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।
पंजीकरण के लिए :
• मिस्ड कॉल : 1800-315-7008
• ऑनलाइन पंजीकरण : https://moa.habit.yoga


