रायसेन- जिला स्तरीय युवा संगम मेला संपन्न, विधायक डॉ. चौधरी ने हितग्राहियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र

रायसेन स्थित पीएमश्री स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में मंगलवार को जिला स्तरीय युवा संगम मेला का आयोजन विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को सरकार की विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति एवं राशि वितरण पत्र प्रदान किए।

मेले में वॉल्वो, आइशर, डीईसीजी ग्रुप, यशस्वी ग्रुप, नवभारत फ़र्टिलाइज़र, राव्या वर्क फोर्स प्रा. लि., शिव शक्ति ग्रुप, होम हेल्प केयर, गोकुलदास एक्सपोर्ट प्रा. लि. एवं पुखराज हेल्थ कार्ड प्रा. लि. सहित अनेक कंपनियों ने स्टॉल लगाकर युवाओं का प्राथमिक चयन किया। कुल 301 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 164 का कंपनियों द्वारा चयन किया गया।

इसके साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बैंकों के माध्यम से 893 लाभार्थियों को लगभग 15.93 करोड़ रुपये का ऋण वितरण कराया गया। मंच से 9 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया तथा युवाओं की मानसिक परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *