मोतिहारी की मोतीझील बनेगी आधुनिक पर्यटन केंद्र, 14 करोड़ की योजना का शिलान्यास
पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी शहर के केंद्र में स्थित ऐतिहासिक मोतीझील को अब आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया गया।
इस परियोजना का शिलान्यास सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने रोइंग क्लब और गायत्री मंदिर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में किया। इस दौरान नगर आयुक्त आशीष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा, उप महापौर लालबाबू प्रसाद सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि मोतीझील केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि मोतिहारी की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसके विकास से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।
परियोजना के तहत मोतीझील क्षेत्र में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें रोइंग क्लब का उन्नयन, सुंदर घाटों का निर्माण, व्यू प्वाइंट, वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, म्यूजिकल शो, नौकायन सुविधा, भोजनालय, बच्चों के लिए पार्क, सेल्फी प्वाइंट और पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विशेष मंच भी बनाया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से मोतिहारी की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित होगी और स्थानीय व्यापार तथा रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। इसके साथ ही झील की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिल सके।


