भारत की 5 नई धरोहरें यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल, कुल संख्या बढ़कर हुई 78
नई दिल्ली: भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। देश की पांच नई धरोहरों, जिनमें सीरियल और ट्रांसनेशनल प्रस्ताव शामिल हैं, को यूनेस्को की संभावित (टेंटेटिव) सूची में स्थान दिया गया है। इन नए प्रस्तावों के जुड़ने के साथ ही यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में भारत की धरोहरों की कुल संख्या बढ़कर अब 78 हो गई है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने इसे देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संपदा के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मील का पत्थर करार दिया। उन्होंने कहा कि ये नए प्रस्ताव भारत की विविध और समृद्ध विरासत के व्यापक आयामों को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करते हैं।
शामिल किए गए प्रमुख प्रस्ताव:
- बाघ की बौद्ध भित्तिचित्र (Bagh Buddhist Caves Paintings)
- गुप्तकालीन उदयगिरि (Guptakal Udayagiri)
- चंबल घाटी की मंदिर विरासत (Chambal Valley Temple Heritage)
- गिन्नौरगढ़ की जनजातीय विरासत (Ginnorgarh Tribal Heritage)
- सत्याग्रह की वैश्विक यात्रा (Global Journey of Satyagraha) से जुड़ा ट्रांसनेशनल प्रस्ताव
केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह प्रगति भारत की सदियों पुरानी सभ्यतागत विरासत को संरक्षित, सुरक्षित और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के प्रति सरकार के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।


