बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के दरोगा संदीप कुमार और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार गोली लगने से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गुलावठी और सिकंदराबाद के थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से वे बाल-बाल बच गए।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस टीम ककोड़ थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले के आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान गुलावठी क्षेत्र के छपरावत गांव के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी

पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बदमाश की पहचान मोनू (निवासी फतेहपुर जादौन) के रूप में हुई है, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे

घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस टीम मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चला रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *