बरगी क्रूज़ दुर्घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी डैम में हुई क्रूज़ दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई के तहत क्रूज़ पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेन्द्र की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। वहीं होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के प्रबंधक सुनील मरावी को निलंबित किया गया है। साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधक संजय मल्होत्रा को मुख्यालय से अटैच कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की गहन जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक, राज्य शासन के सचिव और जबलपुर संभाग के आयुक्त शामिल हैं। यह समिति दुर्घटना के कारणों, क्रूज़ संचालन के नियमों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पर्यटन विभाग के माध्यम से क्रूज़ संचालन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जाएगी।
इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में लगे श्रमिकों को 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है और उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और राज्य सरकार द्वारा 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि सरकार हरसंभव सहायता के लिए उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने राहत कार्य में लगे सभी दलों, सेना के गोताखोरों, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की।


