बदायूं में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी आधुनिक निशुल्क शिक्षा

लखनऊ/बदायूं, 12 जून। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र में ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह के साथ मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराएगा।

प्रस्तावित विद्यालय में कक्षा एक से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था होगी। डिजिटल शिक्षण सुविधाओं, स्मार्ट कक्षाओं और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से सुसज्जित यह संस्थान ग्रामीण बच्चों को निजी विद्यालयों के समकक्ष शिक्षा प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने के साथ उनके समग्र विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि यह विद्यालय केवल ईंट-पत्थरों से बना एक भवन नहीं होगा, बल्कि ग्रामीण बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चों को भी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निःशुल्क उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

उन्होंने इस दौरान बदायूं में शुगर मिल स्थापित किए जाने की मांग का भी उल्लेख किया और बताया कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सर्वे कराए जाने का आश्वासन दिया है।

वहीं, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में आधुनिक डाइनिंग एरिया, पौष्टिक मिड-डे मील की व्यवस्था, अनुशासित एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण, खेल सुविधाएं तथा शिक्षकों और प्रधानाचार्य के लिए आवासीय ब्लॉक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह परियोजना ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *