पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश

भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्देश दिया है। इनमें मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 मतदान केंद्र शामिल हैं।

आयोग के अनुसार, पुनर्मतदान आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। यह निर्णय संबंधित मतदान अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।

बताया गया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान इन केंद्रों पर हुए मतदान में अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। इसके मद्देनज़र आयोग ने इन मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग को अमान्य घोषित कर दिया है।

आयोग ने इस संबंध में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश जारी करते हुए पुनर्मतदान की प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा है।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *