नेपाल से राजस्थान तक ठिकाने बदलने वाला 40 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो में रहकर पुलिस को दे रहा था चकमा

बीकानेर: मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े 5 अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे ₹40,000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। इस शातिर आरोपी की तलाश बीकानेर सहित श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी जिले की पुलिस को भी थी।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती राठौर के निर्देशन में इस विशेष धरपकड़ अभियान को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई में सीओ सिटी अनुज डाल, डीएसटी प्रभारी सुरेंद्र प्रचार, अनुसंधान अधिकारी एसआई गौरव बोहरा व डीएसटी टीम शामिल रही, जबकि एएसआई दीपक यादव ने आरोपी को दबोचने में मुख्य भूमिका निभाई।

पहचान बदलकर स्कॉर्पियो में काट रहा था फरारी: पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह नेपाल, गुजरात, नागौर, नोखा और जोधपुर जैसी जगहों पर फर्जी नामों से फरारी काट रहा था। जांच में सामने आया कि वह अधिकांश समय अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में ही रहता था और लगातार लोकेशन बदलकर पुलिस टीमों को चकमा दे रहा था।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस: गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि उसके ड्रग्स नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, वह माल कहां से लाता था और किसे सप्लाई करता था। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह के कई अन्य सदस्यों के चेहरे भी बेनकाब होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *