नेपाल-बिहार सीमा पर हाई अलर्ट, नेपाल की जेल से फरार 20 कैदी पकड़े गए
नेपाल में भड़की हिंसा के बाद बिहार पुलिस ने 730 किलोमीटर लंबी नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन ने बताया कि एसएसबी और जिला पुलिस की संयुक्त गश्त सात सीमावर्ती जिलों में जारी है। इस बीच नेपाल की जेल से फरार हुए 20 कैदियों को भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार किया गया है।
नेपाल में हालिया हिंसक घटनाओं के बाद बिहार पुलिस ने नेपाल से लगी 730 किलोमीटर लंबी सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस मुख्यालय के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन ने कहा कि सात सीमावर्ती जिलों—पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज—में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और जिला पुलिस संयुक्त रूप से गश्त कर रही है। साथ ही फायर सर्विस, एंबुलेंस और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को अलर्ट पर रखा गया है।
कुंदन कृष्णन ने कहा, “विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को फिलहाल नेपाल यात्रा से बचने की सलाह दी है। वहीं, नेपाल से भारत आने वालों से कहा गया है कि वे अपने पहचान पत्र साथ रखें, क्योंकि सीमा जांच को कड़ा कर दिया गया है।”
इसी दौरान नेपाल की जेल से भागे 20 कैदियों को एसएसबी और जिला पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने यह भी बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय का कंट्रोल रूम लगातार सीमावर्ती जिलों से सूचनाएं इकट्ठा कर स्थिति पर निगरानी रख रहा है।


