नीति आयोग की समीक्षा में छतरपुर देश के टॉप-5 विकसित जिलों में शामिल
मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का छतरपुर जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नीति आयोग द्वारा संचालित गुड गवर्नेंस कार्यक्रम के अंतर्गत की गई समीक्षा में छतरपुर को देश के टॉप-5 तेजी से विकसित जिलों में शामिल किया गया है।
इस उपलब्धि की पुष्टि जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान नीति आयोग के प्रतिनिधियों द्वारा की गई। बैठक में आयोग के कंसल्टेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जिले में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।
नीति आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे डेटा आधारित और वैज्ञानिक तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन करें, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके। जिले में विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कृषि के क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
जिला प्रशासन अब इस उपलब्धि को बनाए रखते हुए छतरपुर को देश का नंबर-एक विकसित जिला बनाने की दिशा में प्रयासरत है।


