चलती फ्लाइट में यात्री ने की इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, कोच्चि में लैंडिंग के बाद गिरफ्तार
नई दिल्ली: कुआलालंपुर से कोच्चि आ रही बाटिक एयर (Batik Air) की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने चलती फ्लाइट में अचानक उग्र व्यवहार करते हुए इमरजेंसी एग्जिट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। हालांकि, केबिन क्रू और यात्रियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के समय फ्लाइट में अधिकतर यात्री सो रहे थे। तभी सीट नंबर 12A पर बैठा जमशीर नामक यात्री अचानक आक्रामक हो गया। उसने इमरजेंसी एग्जिट विंडो पैनल को नुकसान पहुंचाया और जोर-जबरदस्ती कर दरवाजा खोलने की कोशिश की। जब क्रू मेंबर्स ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने उनके साथ धक्का-मुक्की की और धमकियां दीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्लाइट स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत काबू में किया और सुरक्षित लैंडिंग तक बांधकर रखा।
कोच्चि हवाई अड्डे पर विमान के सुरक्षित उतरते ही आरोपी को नेडुम्बसेरी पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



