गयाजी में पाँच किलोग्राम गैस आपूर्ति योजना से लोगों को राहत

गया शहर में केंद्र सरकार की पाँच किलोग्राम रसोई गैस आपूर्ति योजना से छात्रों और प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत मिल रही है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत संचालित गुरु वंदना गैस एजेंसी द्वारा सरकारी बस स्टैंड के समीप विशेष शिविर लगाकर निर्धारित दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस पहल के तहत बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुँचकर गैस प्राप्त कर रहे हैं और योजना की जानकारी भी ले रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस व्यवस्था से गैस की कमी को लेकर उत्पन्न समस्याओं में काफी हद तक कमी आई है और दैनिक जीवन सामान्य होने लगा है।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने यह योजना शुरू की है, जिससे खासकर किराए के मकानों में रहने वाले छात्र, प्रवासी मजदूर और अस्थायी श्रमिक लाभान्वित हो रहे हैं। रियायती दर पर छोटे सिलेंडर मिलने से इन वर्गों को आर्थिक रूप से भी सहूलियत मिल रही है।

गुरु वंदना गैस एजेंसी के संचालक अरविंद कुमार ने बताया कि इस योजना का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की उपलब्धता बेहतर होने से पहले अपने घर लौट चुके कई छात्र और मजदूर अब वापस आने लगे हैं।

लाभार्थियों ने इस योजना के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *