कोडरमा पुलिस का ऑपरेशन ऑलआउट सफल, एक दिन में 61 वारंटी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
कोडरमा पुलिस ने “ऑपरेशन ऑलआउट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 61 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें जिले के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना था। गिरफ्तार किए गए वारंटियों में कई ऐसे आरोपी शामिल हैं, जो वर्षों से फरार थे। इनमें 12 वर्षों से फरार रविंद्र यादव और 11 वर्षों से फरार बिरजू शर्मा जैसे आरोपी भी शामिल हैं।
थाना क्षेत्रवार कार्रवाई में तिलैया से 19, कोडरमा थाना क्षेत्र से 4, चंदवारा से 7, डोमचांच से 10, जयनगर से 9, नवलशाही से 5, मरकच्चो से 2, सतगावां से 3 और तिलैया डैम ओपी क्षेत्र से 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन की सराहना की जा रही है और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


