कानपुर नगर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 125 करोड़ के फर्जी लेनदेन में 8 गिरफ्तार
कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह फर्जी बैंक खातों के माध्यम से करीब 125 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन में शामिल था।
गिरफ्तार आरोपियों में विभिन्न बैंकों के पांच मैनेजर और कर्मचारी भी शामिल हैं, जिससे इस मामले में बैंकिंग तंत्र की मिलीभगत का संकेत मिला है। यह कार्रवाई डीसीपी साउथ की साइबर सेल और बर्रा थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के तहत की गई।
प्रारंभिक जांच में 121 करोड़ रुपये से अधिक की राशि फर्जी खातों में पाए जाने की पुष्टि हुई है। यह गिरोह साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी जीएसटी फर्मों के नाम पर खाते खुलवाकर ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि गिरोह के सदस्य अवैध गतिविधियों के बदले लगभग 5 प्रतिशत तक कमीशन लेते थे। जांच के दौरान 24 फर्जी जीएसटी फर्म, 16 म्यूल अकाउंट और कई संदिग्ध बैंक खातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य बैंकों तथा संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।


