आगरा में पति की हत्या का सनसनीखेज आरोप, बाथरूम की खुदाई में मिला मानव कंकाल
बाईं ओर हत्या की आरोपी पत्नी, बीच में मृतक, जबकि दाईं ओर घर के बाथरूम से बरामद मृतक के अवशेष (शव) को बाहर निकालती पुलिस टीम।
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ है। अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से भरतपुर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, मां और दो बेटियों के साथ आगरा में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र को शराब पीने की लत थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया गया कि 26 मई को रूबी ने अपने देवर के साथ मिलकर सिकंदरा थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
करीब डेढ़ महीने बाद मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब महिला ने कथित रूप से अपने देवर को फोन कर बताया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम में दफन है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ। आरोप है कि घटना के बाद किसी को संदेह न हो, इसलिए बाथरूम के फर्श पर दोबारा प्लास्टर भी करवा दिया गया था।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक परीक्षण और पहचान के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।



