अखिलेश सिंह का वार : कहा— “भाजपा की चोरी बेनक़ाब”
राजनीतिक माहौल में गर्मी लगातार बढ़ रही है और अब कांग्रेस सांसद व बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने भाजपा और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की “चोरी” उजागर हो चुकी है और इस बार कांग्रेस के पास इसके सबूत भी हैं।
अखिलेश सिंह ने रविवार को प्रेस से बातचीत के दौरान कहा कि 17 अगस्त से राहुल गांधी “वोट अधिकार यात्रा” पर निकल रहे हैं। इस यात्रा में बिहार के साथ-साथ कई अन्य राज्यों के बड़े नेता भी शामिल होंगे। तेजस्वी यादव समेत विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी से यह यात्रा और भी अहम मानी जा रही है।
सांसद अखिलेश सिंह ने कहा—
“चुनाव आयोग… भाजपा की चोरी पकड़ी गई है। अब देखना है भाजपा इस पर क्या सफाई देती है, क्योंकि इसमें भाजपा की भूमिका साफ झलक रही है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान “खून और पानी एक साथ नहीं चल सकता” पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा—
“कांग्रेस ने कब रोका है? ट्रंप के सामने तो खुद जाकर सरेंडर कर आए… अब क्या बोलना है!”
अखिलेश सिंह ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की यात्रा केवल जनसंपर्क तक सीमित नहीं होगी, बल्कि यह भाजपा सरकार के खिलाफ सियासी वार-पलटवार का मंच बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे भारत की पार्टी है, इसलिए इस यात्रा में सभी राज्यों के नेता शामिल होंगे।
स्पष्ट है कि 17 अगस्त से शुरू होने वाली “वोट अधिकार यात्रा” आने वाले चुनावी माहौल को और भी गरमा सकती है। अब देखने वाली बात होगी कि भाजपा कांग्रेस के इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है।


