बालाघाट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14.11 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बालाघाट जिले के गढ़ी क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम टोपला में 14 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इस दौरान उन्होंने सूपखार-पटवा-छतरपुर मार्ग पर हालोन नदी पर लगभग 4.96 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का भूमिपूजन किया। साथ ही पीएम जनमन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत किनारदा के पोला गांव में 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय भवन तथा 6.57 करोड़ रुपये और 1.98 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़कों का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आवागमन और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुलिस की मोबाइल फॉरेंसिक वैन और स्वास्थ्य विभाग के 100 दिवसीय टीबी रोगमुक्त अभियान के तहत जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने क्षय रोगियों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विशेष पुलिस दस्ते में चयनित युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और देश सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद भारती पारधी, अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य भगत सिंह नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


