कटिहार में सड़क हादसे के बाद बेकाबू भीड़ का कहर, बच्चे की मौत के बाद बाइक चालक की पीट-पीटकर हत्या
सुधनी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। घटना की शुरुआत एक सड़क दुर्घटना से हुई, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बाइक चालक को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला।
जानकारी के अनुसार, बारसोई प्रखंड के रहमानपुर गांव में बाइक की टक्कर से मो. खुसरो (15 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक चालक मो. सकरुद्दीन (40 वर्ष) को पकड़ लिया और उसे खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि घटना को लेकर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसके चलते स्थिति बिगड़ गई।
एसपी ने कहा कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है और छापेमारी अभियान जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


